डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका परिषद, डोईवाला के कार्यालय में बुधवार को राज्य सरकार द्वारा नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने पांचों नवनियुक्त नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने सभी को बधाई देते हुए नगर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उत्तराखंड शासन के शहरी विकास अनुभाग की ओर से उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगर पालिका के लिए रवींद्र बेलवाल, सोनू गोयल, सरिता जोशी, मनीष क्षेत्री और पुष्कर नेगी को नाम निर्दिष्ट सदस्य के रूप में नामित किया गया है। नवनियुक्त सभासदों ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते हुए नगर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए कार्य करेंगे। मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने सभी नवनामित सभासदों को बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से डोईवाला को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी। इसके बाद विधायक ने ‘स्वच्छ डोईवाला, सुंदर डोईवाला’ के संकल्प को साकार करने के लिए उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, सभासद गौरव मल्होत्रा, सुंदर लोधी, विनीत राजपूत, अजय उनियाल, अरुण शर्मा, संजय चमोली, पवन सैनी, पंकज चौधरी, अनीता अग्रवाल, प्रकाश कोठारी आदि मौजूद रहे।











