डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लीटर कच्ची शराब, अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी व उपकरण तथा 100 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि टोल प्लाजा लच्छीवाला, डोईवाला के पास चेकिंग के दौरान मनजीत सिंह निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को बाइक से शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 100 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया। वहीं, ग्राम झड़ौंद में चेकिंग के दौरान आरोपी सुनील उर्फ बोबी निवासी झड़ौंद को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी व उपकरण तथा पांच लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।











