
पिथौरागढ, 6 अगस्त।
करीब तीन दिन पूर्व अत्यधिक वर्षा के कारण देवलथल के ग्राम उड़ाई ( ल्यूनागांव) में हुए भूकटाव को रोकने के लिए अभी कोई पहल शुरू नही हुई है। लगातार हो रही बारिश से गांव को खतरा उत्पन्न हो गया है।
बता दें कि ग्रामीण प्रकाश पाण्डेय, सुरेश चंद्र पाण्डेय, बंशीधर पाण्डेय के घर के पीछे की तरफ की दीवार एवं भूमि भूस्खलन होने से क्षतिग्रस्त हो गई है, मलवा घर में घुस आया है,मलवा आने से घरों को एवं जान माल का खतरा बना हुआ है , लगातार बारिश के चलते अभी भी भूस्खलन जारी है, पानी की पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, गाँव के अन्य घरों में भी पानी की सप्लाई बंद हो चुकी है, भूमि में बड़ी दरार होने के कारण बारिश का पानी भूमि के अंदर लगातार जा रहा है, जिससे अन्य घरों को और गांव के हिस्से में भी जान माल का खतरा है। प्रभावित परिवारों ने कहा है कि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई जमीनी सहायता नहीं दी गई है और इसके बचाव के लिए कोई कार्य जमीनी स्तर पर नहीं हुआ है, जबकि गांव के लोग खतरा होने के कारण रात दिन पहरा दिए हुए हैं, इस आपदा के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल में भी निवेदन किया गया है, वहां से भी अभी तक कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला है, ग्रामीण सरकार से अपनी जान माल को बचाने के लिए आश लगाए बैठे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी आपदा प्रबंधन टीम ने सुरक्षा एवं बचाव कार्य को देखते हुए कोई कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों ने तत्काल भूकटाव पर नियंत्रण की मांग की है।











