पिथौरागढ, 6 अगस्त 2026
पिथौरागढ़ के मयंक कापड़ी ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। विश्वविख्यात संगीतकार ए. आर. रहमान के म्यूज़िक में बनी बहुप्रतीक्षित फ़िल्म ‘पेद्दी’ के गीत “सूरीज़ लामेंट” (Suri’s Lament) के कन्नड़ वर्ज़न में मयंक ने अपनी आवाज़ दी है।
‘पेद्दी’ में विश्व-प्रसिद्ध अभिनेता राम चरण मुख्य भूमिका में हैं।उनके साथ शिवराजकुमार, जान्हवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे प्रतिष्ठित कलाकार हैं। फ़िल्म का निर्देशन बूची बाबू सना ने किया है, जो इससे पहले नेशनल अवॉर्ड विजेता फ़िल्म ‘उप्पेना’ बना चुके हैं। तेलुगु में बनी यह फ़िल्म कन्नड़, हिंदी, तमिल और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज़ हुई है, और इसकी गिनती इस साल की सबसे बड़ी फ़िल्मों में की जा रही है। मयंक ने इसके कन्नड़ वर्ज़न के लिए गाया है।
मयंक इससे पहले भी ए. आर. रहमान के म्यूज़िक डायरेक्शन में कई फ़िल्मों के लिए गा चुके हैं, जिनमें विश्वप्रसिद्ध ‘एवेंजर्स’ भी शामिल है। भारत की सबसे बड़ी बजट फ़िल्मों में गिनी जाने वाली ‘कल्कि 2898 AD’ में उन्होंने पाँच भाषाओं में साउथ के जाने-माने सिंगर्स के साथ दो गाने गाए, तथा म्यूज़िक कंपोज़र संतोष नारायणन के साथ फ़िल्म के बैकग्राउंड स्कोर में भी अहम भूमिका निभाई।
वर्तमान में चेन्नई में रहकर मयंक फ़िल्म इंडस्ट्री में कंपोज़र, म्यूज़िक प्रोड्यूसर, सिंगर और परफ़ॉर्मर के तौर पर लगातार सक्रिय हैं। साउथ की फ़िल्मों में प्लेबैक सिंगिंग के साथ-साथ वे कई शॉर्ट फ़िल्मों और विज्ञापनों के लिए भी म्यूज़िक देते रहे हैं, और इस समय भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।
अपने म्यूज़िक, परफ़ॉर्मेंस और फ़िल्मों के काम के साथ-साथ मयंक म्यूज़िक एजुकेशन से भी जुड़े हुए हैं। इंडस्ट्री के अपने साथी म्यूज़िशियन दोस्तों के साथ मिलकर वे ‘ऑडियो स्कल्प्टर्स एकेडमी’ चलाते हैं, जहाँ बिल्कुल शुरुआत से सीखने वालों को म्यूज़िक मेकिंग, कंपोज़िशन और प्रोडक्शन सिखाया जाता है। वे अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ के लिए भी अपने संगीत के माध्यम से कुछ योगदान देना चाहते हैं।
मयंक के पिता व्यवसायी जगदीश चन्द्र कापड़ी, प्रा. वि. कुसौली में प्रधानाध्यापिका के पद से हाल ही में सेवानिवृत्त हुईं माता श्रीमती इंद्रा कापड़ी एवं जिला चिकित्सालय में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत बहन डॉ. वर्षा कापड़ी उनकी इस उपलब्धि से गौरवान्वित हैं।











