डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया। शुक्रवार को राहुल गांधी देहरादून में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचे थे।
कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि ज्ञान, संस्कृति और संघर्ष की पावन भूमि उत्तराखंड पर राहुल गांधी का आगमन प्रदेश के युवाओं, छात्रों और आमजन के लिए नई ऊर्जा, विश्वास एवं उम्मीद का संदेश लेकर आया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाते रहे हैं।
उनका यह दौरा उत्तराखंड के युवाओं की आकांक्षाओं को नई दिशा देने के साथ ही उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को और प्रभावी ढंग से सामने रखने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की गूंज केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की आवाज़ को मंच देने का एक सशक्त प्रयास है, जिससे छात्रों के विचार और उनकी समस्याएं सीधे नेतृत्व तक पहुंच सकेंगी।
स्वागत करने वालों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव काज़ी निजामुद्दीन, जयेंद्र रमोला, नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, शार्दूल नेगी, रेखा कांडपाल आदि रहे।











