डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाई-बहन के पावन प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन आगामी 28 अगस्त को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर डोईवाला नगर और आसपास के बाजारों में राखियों की दुकानें सज गई हैं और खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ जुटने लगी है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। व्यापारियों का कहना है कि डाक के माध्यम से राखियां भेजने वाली बहनों ने कई दिन पहले ही राखियां भेजनी शुरू कर दी थी।
डोईवाला चौक बाजार, रेलवे रोड, ऋषिकेश रोड़, प्रेमनगर बाजार, भानियावाला, जौलीग्रांट, माजरी, रानीपोखरी समेत अन्य बाजारों में राखियों की दुकानें सज चुकी हैं। बच्चों के लिए भी कई तरह की आकर्षक राखियां बाजार में मौजूद हैं। इसके अलावा ओम, इक ओंकार, कान्हा, चंदन, नजरबट्टू और चांदी वाली राखियों की भी खूब मांग है।
वही, भाभियो के लिए लटकन राखी खूब पसंद की जा रही है। इसके अलावा गिफ्ट पैकेज, चॉकलेट और कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारी शुरू हो गई है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए राखियों की खरीदारी कर रही हैं।
व्यापारी उमंग तायल ने बताया कि इस बार लबूबू डॉल, पेन, चश्मा, चंदन, स्पाइडरमैन, कैप्टन अमेरिका, रोली-चावल, मोटू-पतलू और पोकेमोन जैसे कैरेक्टर वाली राखियां बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं। साथ ही चंदन, रंग-बिरंगे नगों और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों की भी अच्छी मांग है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं।











