देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। शिक्षा एवं फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बापूग्राम, ऋषिकेश निवासी विजय कर्नाटक को एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। रविवार को रुड़की स्थित एक होटल में आयोजित उत्तराखंड इन्फ्लुएंसर एंड क्रिएटर मीट में उन्हें क्रिएटर श्रेणी के तहत शिक्षा एवं फोटोग्राफी के क्षेत्र में सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। सम्मान के दौरान विजय कर्नाटक के शिक्षा, रचनात्मकता और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। बता दें कि विजय कर्नाटक कंप्यूटर साइंस एवं शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविद् हैं। वह लंबे समय से शिक्षण एवं शोध के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट और फोटोग्राफी के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक और सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रहे हैं। विजय कर्नाटक ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में शिक्षा, रचनात्मकता और समाजहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।











