डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-2 के लिए प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। शुक्रवार को ऋषिकेश रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम में एसआईआर के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर कांग्रेस के वोट काटने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लाखों मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया। डोईवाला विधानसभा के बीएलए-1 करतार नेगी ने बताया कि कांग्रेस संगठन ने विधानसभा क्षेत्र के 191 बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। परवादून जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि बीएलए-2 की जिम्मेदारी बेहद अहम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से संपर्क साधने तथा युवा, महिला और बुजुर्ग मतदाताओं से जुड़ने का आह्वान किया। मास्टर ट्रेनर दिनेश चौहान ने कहा कि चुनाव के लिए अब अधिक समय नहीं बचा है। विपक्षी दल वोट कटिंग में लगे रहते हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रहना होगा। इस दौरान डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, मनोज नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्विनी बहुगुणा, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केएस राणा, ईश्वर चंद पाल, अब्दुल रज्जाक, सुनील वर्मा, राहुल खरोला, अरुण पाल, प्रवीण सैनी, शार्दुल, सावन राठौर, आरिफ अली, राजेंद्र बिष्ट, मोहित कपरवाण आदि मौजूद रहे।











