
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरूवाण शास्त्री के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम देहरादून के वार्ड संख्या 95 से 100 तक जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि हर्रावाला-नकरौंदा रोड, सैनिक कॉलोनी से पिंडर वैली जीरो प्वाइंट तक करीब पांच किमी सड़क, हनुमान मंदिर से रावत पुल, कुआंवाला तिराहा, पंकिन रेस्टोरेंट, मियांवाला से गुलरघाटी मार्ग करीब पांच किलोमीटर, पीली कोठी से दोनाली रोड करीब चार किमी, मियांवाला से तुनवाला, दिव्या विहार से नेहरू ग्राम तथा नथनपुर, लोअर नथनपुर और अपर नथनपुर क्षेत्र की कई सड़कें गड्ढों और क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण बदहाल हैं। प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरूवाण शास्त्री ने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें पिछले पांच वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं। नगर निगम और संबंधित सीवर प्लांट प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो जिलाधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन आंदोलन और तालाबंदी की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर मधुसूदन सुंदरियाल, पौराणिक सांस्कृतिक संवर्धन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य नरेशानंद नौटियाल, नथनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील थपलियाल, संतोष दीक्षित, नितिन उनियाल, सुभाष थापा, राजेंद्र प्रसाद सेमवाल आदि शामिल रहे।











