डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कृषि विभाग की ओर से ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट में प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, इसके लाभ और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी की गई और प्रमाण पत्र तैयार किए गए। कैंप में 35 किसानों ने पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री का लाभ उठाया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। सहायक कृषि अधिकारी प्रियंका थपलियाल ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग की ओर से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करवाने की अपील की। इस दौरान ग्राम प्रधान सुषमा बोरा, संजय बर्थवाल, जितेंद्र कुमार, भगवान सिंह, खड़क सिंह, उमेद बोरा, सुभाष पाल, दीवान सिंह, पुष्कर सिंह, विनोद पाल, देवेंद्र, कुंदन, धीरज आदि मौजूद रहे।











