डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक भानियावाला में आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को आगामी चुनावों की तैयारी का आधार बताते हुए बूथ स्तर पर कार्ययोजना तय की गई।
ऋषिकेश जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने कहा कि एसआईआर अभियान से शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची तैयार होगी, जो निष्पक्ष एवं सशक्त लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में सफलता के लिए प्रत्येक बूथ पर घर-घर सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं को जोड़ना तथा अपात्र नामों को चिह्नित करना अत्यंत आवश्यक है।
क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क के बल पर चुनावी मैदान में उतरती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम गठित कर अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही युवा, महिला और नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, महामंत्री आदेश पवार, मनमोहन नौटियाल, जिला उपाध्यक्ष उषा कोठारी, ममता नयाल, केतन गुप्ता, सोनू गोयल, सभासद ईश्वर रोथान, अमित कुमार, सुंदर लोधी, सुरेश सैनी अरुण सोलंकी, हिमांशु राणा, विनीत मनवाल, संतोषी बहुगुणा, हरविंदर सिंह, प्रीति थपलियाल आदि मौजूद रहे।










