डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर डोईवाला के बाजारों में पूजन और श्रृंगार सामग्री की दुकानें सज गई हैं। कान्हा के श्रृंगार और पूजा के लिए रंग-बिरंगे व आकर्षक वस्त्र, मुकुट, बांसुरी, झूले, श्रृंगार सामग्री सहित अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। शुक्रवार को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर नगर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सजावट और अन्य तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
ऋषिकेश रोड स्थित प्राचीन गोवर्धन मंदिर, देहरादून रोड स्थित सिद्धपीठ शक्ति भवन मंदिर, मनोकामना सिद्ध मंदिर, भानियावाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित क्षेत्र के कई मंदिरों को लाइटों, फूलों और मोरपंखों से सजाया जा रहा है। मंदिरों में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सिद्धपीठ शक्ति भवन मंदिर ट्रस्ट से जुड़े गगन नारंग ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। रात्रि करीब आठ बजे से लोकप्रिय भजन गायक राधा बसंत दास (यमुनानगर वाले) द्वारा भजन संध्या में सुरमयी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा, अग्रवाल धर्मशाला डोईवाला में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। ईश्वर अग्रवाल ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे ज्योति प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान भजन संध्या के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी सुंदर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं, गोवर्धन मंदिर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंडित जय जोशी और पं सुमित रतूड़ी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करते हैं और रात्रि में जन्मोत्सव के समय विशेष पूजन किया जाता है।











