डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रानीपोखरी में मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर अपने सामाजिक, आर्थिक और स्थानीय मुद्दों को सामने रखा तथा विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के सम्मान, अधिकार और स्वावलंबन के लिए संघर्ष करती रही है। मातृशक्ति की आवाज को मजबूती देना और उनके मुद्दों को संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि मातृशक्ति परिवार, समाज और गांव की मजबूत आधारशिला है। महिलाओं की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला महासचिव रेखा कांडपाल सती ने कहा कि मातृशक्ति से संवाद केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की बात सुनने और उनके संघर्षों को समझने की सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, अफसाना अंसारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मालती चौहान, नरेंद्र चौहान, मोहित कपरवान, बीडीसी सदस्य नितिन पंवार, पुष्पराज बहुगुणा, अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।











