डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। ब्रेक फेल होने के कारण एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से टकरा गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे भुइयां मंदिर और थानों चौक के बीच यह सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में ट्रक के केबिन में परिचालक फंस गया, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। थाना रानीपोखरी से सूचना मिलने पर मुख्य आरक्षी उमेश भट्ट के नेतृत्व में एसडीआरएफ की अलर्ट टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि ट्रक में चालक और परिचालक सहित दो लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने चालक को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि परिचालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। एसडीआरएफ टीम ने स्थिति का त्वरित आकलन करते हुए हाइड्रोलिक जैक एवं अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से केबिन को सावधानीपूर्वक खोलकर फंसे परिचालक प्रभात महतो (32), निवासी पश्चिम बंगाल को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेज दिया गया।











