डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कांग्रेस के पूर्व सैनिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी के देहरादून आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। गुरुवार को अग्निवीर आक्रोश यात्रा के तहत देहरादून पहुंचे कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सेना का मनोबल और उसकी संरचना सशक्त होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में कई गंभीर खामियां हैं, जिनके कारण युवाओं के भविष्य, सैन्य प्रशिक्षण की निरंतरता और सशस्त्र बलों की दीर्घकालिक क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सैनिकों, पूर्व सैनिकों और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी तथा अग्निवीर योजना की कमियों को दूर करने की मांग जारी रखेगी।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कर्नल रोहित चौधरी का देहरादून आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उत्तराखंड वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों की भूमि है तथा यहां के युवाओं का सेना से विशेष जुड़ाव रहा है।
कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष महेश कुकरेती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सैनिकों और युवाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा रोजगार के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाया जाएगा।
इस अवसर पर डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, एससी विभाग के जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, उपाध्यक्ष एसपी बहुगुणा, दुर्गा थापा, राजेंद्र बिष्ट, ध्यानेंद्र पंवार, सरजीत कृशाली, विजय गोस्वामी, जिला सचिव साहिल अली, आशिक अली आदि उपस्थित रहे।











