डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): नगर पालिका प्रशासन द्वारा डेंगू की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष अभियान “हर सप्ताह, एक दिन 7 मिनट अपने लिए” की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत पालिका की टीमें वार्ड स्तर पर संभावित डेंगू प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार से अभियान की शुरूआत की गई। बताया गया कि अभियान के अंतर्गत टीमों ने ऐसे स्थानों का निरीक्षण किया, जहां साफ पानी के जमा होने से डेंगू मच्छर के लार्वा पनपने की संभावना रहती है।
निरीक्षण के दौरान घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर जमा साफ पानी को खाली कराया गया तथा लोगों को डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के जीवन चक्र और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए जन सहभागिता बेहद जरूरी है।
इसी उद्देश्य से हर सप्ताह, एक दिन 7 मिनट अपने लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नागरिकों को सप्ताह में एक दिन मात्र सात मिनट निकालकर अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अगले एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान नगर पालिका की टीमें एवं स्वच्छता वाहिनी घर-घर जाकर डेंगू के लार्वा को स्रोत स्तर पर नष्ट करने की कार्रवाई करेंगी। साथ ही आमजन को कूलर, गमलों, टंकियों, पुराने टायरों एवं अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई और निगरानी रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।











