डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मानवता की मिसाल पेश करते हुए ‘एक मदद ब्लड ग्रुप समिति, डोईवाला’ के सक्रिय सदस्य असलम खान ने सात दिन के एक प्री-मैच्योर नवजात शिशु के लिए सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) दान कर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि खटीमा निवासी सात दिन का एक नवजात शिशु हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती है। बच्चे की प्लेटलेट्स काउंट गिरकर मात्र 13 हजार रह गई थी, जिसके चलते उसे तत्काल ए पॉजिटिव एसडीपी की आवश्यकता थी। इस पर परिजनों और हिमालयन ब्लड बैंक ने समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष साकिर हुसैन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही साकिर हुसैन ने सक्रिय रक्तदाता असलम खान से संपर्क किया। असलम खान अपने निजी वाहन से करीब 25 किलोमीटर की दूरी तय कर तत्काल अस्पताल पहुंचे। आवश्यक चिकित्सीय जांच में उपयुक्त डोनर पाए जाने के बाद उन्होंने लगभग तीन घंटे तक ब्लड बैंक में रहकर निस्वार्थ भाव से एसडीपी दान किया। समिति के अनुसार, असलम खान इससे पहले भी कई बार रक्त और एसडीपी दान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचा चुके हैं। सात दिन के मासूम के लिए किया गया यह उनका 55वां एसडीपी दान था। समिति के संस्थापक साकिर हुसैन ने असलम खान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणादायक है।











