डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। थाना रानीपोखरी क्षेत्र में मंगलवार को इनोवा टैक्सी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, थानों के समीप हुई। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि ग्राम पंचायत सनगांव, रानीपोखरी निवासी नरेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनकी माता चमन देई पेंशन लेने के लिए मंगलवार को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, थानों गई थीं। बैंक से लौटने के बाद करीब 60 मीटर की दूरी पर इनोवा टैक्सी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें हिमालयन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर टैक्सी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।











