डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में बृहस्पतिवार को करियर काउंसलिंग सेल के अंतर्गत माइक्रोसेव कंसल्टिंग कंपनी के विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को रोजगार एवं तकनीकी विषयों से संबंधित जानकारी दी। बताया गया कि यह कंपनी कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत रोजगार प्रयाग पोर्टल के साथ मिलकर कार्य कर रही है। विशेषज्ञ रवि चंद्रा ने छात्र-छात्राओं को इंटरनेट पोर्टल की उपयोगिता, विशेषताओं और रोजगार संबंधी अवसरों के बारे में जानकारी दी तथा उनसे संवाद किया। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगीता बहुगुणा ने छात्र-छात्राओं को रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रोजगार प्रयाग पोर्टल की जानकारी भी दी तथा माइक्रोसेव कंसल्टिंग कंपनी से आए विशेषज्ञों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर संयोजक डॉ अंजलि वर्मा, डॉ पल्लवी मिश्रा, डॉ पूनम रावत, डॉ सुदीप्ता कंडारी, डॉ चंद्रकला नेगी आदि मौजूद रहे।











