डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 210 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लच्छीवाला फ्लाईओवर, डोईवाला के पास चेकिंग के दौरान आरोपी रोहित करमाली उर्फ मलिंगा (20) निवासी केशवपुरी बस्ती, थाना डोईवाला, मूल निवासी गुंदरपुरा, जिला हजारीबाग (झारखंड) को एक किलो 210 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है। उसने गांजा एक स्थानीय नशा तस्कर से सस्ते दाम पर खरीदा था, जिसे वह अन्य नशे के आदी लोगों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।











