डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। छह माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को दून पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अभियुक्त नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली डोईवाला और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त कैलाश चंद्र को हरिद्वार के अलीपुर स्थित ओम पैकेजिंग फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार किया। डोईवाला पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने बताया कि गत वर्ष 15 दिसंबर को डोईवाला कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले कैलाश नामक व्यक्ति ने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। लगातार दबिश के बावजूद अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलता रहा। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कोतवाली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश चंद्र (32) मूल निवासी बुराखन बैयवार, थाना लाडगढ़, जिला ब्यावर (राजस्थान) तथा वर्तमान निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।











