डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से डोईवाला में परिवर्तन रैली एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। रविवार को निकली परिवर्तन रैली दुर्गा चौक, हिमालयन चौक सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अठूरवाला स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आमजन से संवाद कर पार्टी की नीतियों और विचारों को साझा किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए लोगों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उक्रांद का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास और मूल मुद्दों के समाधान के लिए क्षेत्रीय दल को मजबूत करना आवश्यक है। यूकेडी नेता केन्द्रपाल सिंह तोपवाल और प्रमिला रावत ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में उक्रांद पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद राणा, डॉ. सौम्य चौधरी, पवन बिजल्वाण, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बृजमोहन संजवाण, मोहन असवाल, धर्मवीर सिंह गुसाईं, संजय चौधरी, बहादुर सिंह रावत, कैलाश देवरानी, शैलेन्द्र गुसाईं, जतिन चौहान, प्रताप बिष्ट, मीना राणा, रीता क्षेत्री, नवीता भंडारी, गीता बिष्ट आदि मौजूद रहे।











