डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, डोईवाला के तत्वावधान में आयोजित विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह उपस्थित रहे। अंडर-14 बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में माजरीग्रांट की बोहरा टीम ने प्रथम, रेडियंट स्कूल ने द्वितीय तथा घमंडपुर की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की पिट्टू प्रतियोगिता में रेडियंट स्कूल (ए) प्रथम, रेडियंट पब्लिक स्कूल (सी), डोईवाला द्वितीय तथा कोठारी मोहल्ला की टीम तृतीय स्थान पर रही। वही, अंडर-19 बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दशमेश क्लब ने प्रथम, माजरीग्रांट ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीपोखरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका पिट्टू प्रतियोगिता में उन्नति भनियावाला की टीम प्रथम, बड़ोवाला की टीम द्वितीय तथा कोटी भनियावाला की टीम तृतीय स्थान पर रही। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करना है।











