डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लच्छीवाला के सामने राज्यमार्ग पर दोनों ओर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि विद्यालय राज्यमार्ग के किनारे स्थित है और मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक आवागमन रहता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना रहता है। सड़क पार करते समय बच्चों के साथ दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने वाहनों की गति नियंत्रित करने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय के दोनों ओर राज्यमार्ग पर स्पीड ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप बनाने की मांग की। साथ ही विद्यालय के आसपास सावधानी एवं स्कूल जोन संबंधी संकेतक बोर्ड लगाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी दुर्घटना के बाद जागने के बजाय पहले ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने चाहिए, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान जिला महासचिव अमित सैनी, मंडलम अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी, नंदन नेगी, हर्षित उनियाल आदि मौजूद रहे।











