डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका डोईवाला की टीम ने मंगलवार को वार्ड संख्या 17 कुड़कावाला में सुसवा नदी किनारे स्थित सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया। पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से टीन शेड समेत अन्य अस्थायी निर्माण ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में पालिका टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि नदी किनारे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











