डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। यंग इंडियंस, देहरादून की ओर से पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के अंतर्गत पैसे की बचत, निवेश के विभिन्न माध्यमों, डिजिटल भुगतान में सावधानियों, ओटीपी की गोपनीयता और किसी के साथ ओटीपी साझा न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बेहतर वित्तीय निर्णय लेने और अपने पैसों को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक तरीकों से भी अवगत कराया गया। डिजिटल साक्षरता के अंतर्गत विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को फर्जी वेबसाइटों की पहचान, इंटरनेट पर सुरक्षित व्यवहार, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, डिजिटल प्राइवेसी एवं सुरक्षा तथा विभिन्न डिजिटल टूल्स के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। सभासद गौरव मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से युवा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के साथ ही अपने वित्तीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। कार्यक्रम में को-चेयर सिद्धार्थ वासन एवं दृष्टि जैन ने बताया कि वाईआई देहरादून चैप्टर की ओर से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक, डिजिटल रूप से सक्षम और ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।











