डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से सीबीआई जांच चल रही है, लेकिन अब तक जांच की प्रगति और सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जांच किस स्तर तक पहुंची है और दोषियों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई की गई है।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय और प्रदेश की जनता को सच जानने का पूरा अधिकार है। जांच में किसी भी प्रकार की लीपापोती या राजनीतिक दबाव की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति सार्वजनिक की जाए। जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और कड़ियों को जनता के सामने रखा जाए तथा मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही, अंकिता भंडारी के परिवार को शीघ्र और पूर्ण न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक उत्तराखंड कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। यह केवल अंकिता की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की लड़ाई है।











