डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में ‘सूचना का अधिकार अधिनियम सप्ताह’ के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘सूचना का अधिकार अधिनियम के 21 वर्ष : सुधार अथवा सुदृढ़ कार्यान्वयन’ रखा गया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर के शिवा ने प्रथम, एमए तृतीय सेमेस्टर की ईशा नेगी ने द्वितीय तथा बीए प्रथम सेमेस्टर की शिक्षा नौटियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिवा और ईशा नेगी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। इसके अलावा अंशुल देवयानी, रेनू और अर्पिता ने भी अपने विचार साझा किए।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने कहा कि संस्थान में पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने सूचना के अधिकार से संबंधित प्रावधानों का नियमानुसार पालन करने पर जोर दिया। वरिष्ठ प्रोफेसर राकेश चंद्र जोशी ने छात्र-छात्राओं को सूचना के अधिकार अधिनियम एवं इसके नियमों की जानकारी दी तथा भाषा एवं प्रस्तुतीकरण शैली में सुधार के लिए प्रोत्साहित किया।
नोडल अधिकारी प्रो. नवीन कुमार नैथानी ने कहा कि सूचना का अधिकार प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों और संबंधित नियमों की जानकारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही अपने अधिकारों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकते हैं।
निर्णायक मंडल में प्रो. राकेश चंद्र जोशी, डॉ. वल्लरी कुकरेती और डॉ. पल्लवी मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा कुमारी, ममता, डॉ. अंजली वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।











