डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर मंगलवार शाम चार बजे निर्वाचन अधिसूचना जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव (छात्रा के लिए आरक्षित), कोषाध्यक्ष (छात्रा के लिए आरक्षित) और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर चुनाव होगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री, 24 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 26 सितंबर को नामांकन वापसी, नामांकन पत्रों की जांच और वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 29 सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। इसके बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित करने के साथ ही शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डीपी भट्ट ने बताया कि निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों अथवा उनके समर्थकों द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और नामांकन निरस्त करने का अधिकार निर्वाचन समिति के पास सुरक्षित रहेगा। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों तथा विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर छात्रसंघ गठन संबंधी नियमों के तहत संपन्न कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में केवल वैध परिचय पत्र वाले छात्र-छात्राओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी। मतदान शुरू होने से 24 घंटे पहले सभी प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशी और उनके समर्थक महाविद्यालय की संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा सकेंगे। नियमों का उल्लंघन होने पर नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
नियमों के अनुसार कोई प्रत्याशी एक से अधिक पदों पर चुनाव नहीं लड़ सकता। प्रत्याशी की आयु 17 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महाविद्यालय अथवा न्यायालय द्वारा दंडित छात्र-छात्रा चुनाव नहीं लड़ सकेगा। इसके अलावा प्रत्याशी के पिछले वर्ष की परीक्षा में कोई शैक्षणिक अवशेष नहीं होना चाहिए। लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार प्रत्याशी के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी।
चुनाव प्रचार में पोस्टर, पंपलेट और अन्य मुद्रित सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। प्रत्याशी केवल हस्तनिर्मित प्रचार सामग्री का प्रयोग कर सकेंगे। परिसर या परिसर के बाहर जुलूस, जनसभा तथा लाउडस्पीकर, वाहन अथवा पशुओं के माध्यम से प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित सीमा से अधिक चुनावी खर्च करने पर प्रत्याशी का निर्वाचन निरस्त किया जा सकता है।
छात्रसंघ कार्यकारिणी के छह पद महाविद्यालय स्तर पर मनोनयन के आधार पर भरे जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी प्रत्याशियों से लिंगदोह समिति की सिफारिशों तथा विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के छात्रसंघ संबंधी संविधान का पालन करने का अनुबंध पत्र लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन होने पर नामांकन या निर्वाचन निरस्त किया जा सकता है। वही, किसी पद पर दो प्रत्याशियों के समान मत होने की स्थिति में टॉस तथा दो से अधिक प्रत्याशियों के समान मत होने पर लॉटरी के माध्यम से विजेता का चयन किया जाएगा।
_________________________________________________________
*छात्रसंघ चुनाव: कॉलेज परिसर में चुनाव प्रचार ने पकड़ी रफ्तार*
डोईवाला। छात्रसंघ चुनाव की तिथि नजदीक आते ही छात्र संगठनों और प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। मंगलवार को डोईवाला महाविद्यालय परिसर में छात्र संगठन एबीवीपी, एनएसयूआई और यूएसएफ से जुड़े कार्यकर्ता व प्रत्याशी छात्रों के बीच पहुंचे और अपने पक्ष में मतदान की अपील करते दिखाई दिए। बता दे कि आगामी 29 सितंबर को प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर महाविद्यालय में इन दिनों चुनावी हलचल तेज हो गई है। इस बार चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं। प्रत्याशी विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्रों के बीच पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी सूरज सिंह मेहर और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के प्रत्याशी प्रियांशु अग्निहोत्री भी अपने समर्थकों के साथ छात्रों से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।











