हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली ।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली में छात्रसंघ निर्वाचन की अधिसूचना जारी हो गई है, अधिसूचना जारी होते ही संभावित उम्मीदवार सक्रिय हों गए हैं।
कालेज के छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया 22 सितंबर से प्रारंभ होगी और 29 सितंबर को मतदान, मतगणना एवं परिणाम की घोषणा के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आज मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। 23 सितंबर को प्रातः 11 से अपराह्न 3 बजे तक छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। 24 को प्रातः 11 अपराह्न 3 बजे तक नामांकन किए जाएँगे।
26 को प्रातः 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक नाम वापसी हो सकेगी,उसी दिन अपराह्न 12.30 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जाँच की जाएगी तथा अपराह्न 4 बजे वैध सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इस क्रम में निर्वाचन कार्यक्रम का प्रमुख चरण 29 को होगा। इस दिन प्रातः 8 बजे से अपराह्न 1 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद अपराह्न 2 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणाम की घोषणा तथा विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। डॉ. जोशी ने बताया कि कालेज प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। चुनावी अधिसूचना जारी होते ही तलवाड़ी कालेज में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है, संभावित उम्मीदवार जोड़, तोड़ की राजनीति में लग गए हैं।











