डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। दूधली–मोथरोवाला–डोईवाला बायपास मार्ग का अधूरा निर्माण लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनता जा रहा है। जगह-जगह बने गड्ढे और अधूरा निर्माण कार्य दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। वहीं, मानसून के चलते निर्माण कार्य प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
इसके अलावा, पुलियों के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे अब तक सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किए गए हैं। कई स्थानों पर सरिया बाहर निकले हुए हैं और सड़क का हिस्सा भी काफी संकरा हो गया है। ऐसे में वाहन चालकों के फिसलकर गिरने और गंभीर रूप से घायल होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात के समय जोखिम और बढ़ जाता है।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की स्थिति में शीघ्र सुधार करने, गड्ढों को भरने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम जनता को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल अस्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
लोनिवि के जेई टीएस लिंगवाल ने बताया कि बरसात के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर गड्ढे दिखाई दे रहे हैं, वहां सड़क को समतल करने के लिए एक और लेयर बिछाई जानी है। वही, पुलियां किसानों की मांग पर सिंचाई के लिए फिलहाल खुली रखी गई हैं। यदि राहगीरों की सुरक्षा का खतरा है तो आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराई जाएगी।











