
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों ने क्षेत्र में खाद की कमी को लेकर बृहस्पतिवार को डोईवाला ब्लॉक के कृषि अधिकारी का घेराव किया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
किसानों ने कहा कि वर्तमान में धान सहित अन्य फसलों को खाद की आवश्यकता है, लेकिन क्षेत्र की सहकारी समितियों और सोसाइटियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों को फसलों में समय पर खाद डालने में परेशानी हो रही है। किसानों ने मांग की कि समितियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक जल्द उपलब्ध कराया जाए और आपूर्ति करने वाली एजेंसियों को इसके लिए सख्त निर्देश दिए जाएं।
मुख्यमंत्री के नाम भेजे ज्ञापन में किसानों ने कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि सरकार के नियमों और खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
किसानों की मांग केवल इतनी है कि उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसान पहले से कई समस्याओं से जूझ रहा है और यदि उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में खेती के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। किसान नेता हरभजन सिंह ने कहा कि जब तक किसान अपनी समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन नहीं करते, तब तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि किसानों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
किसानों के प्रदर्शन के बाद कृषि अधिकारी ने खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारी के अनुसार, शनिवार तक क्षेत्र में खाद उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान विजय बख्शी, तेजपाल सिंह, मोहित उनियाल, मनोज नौटियाल, अजित सिंह, बलविंदर सिंह, सुनील बर्मन, बलबीर सिंह, इकबाल मलिक, निर्मला देवी, चंद्रकांता देवी, इंद्रजीत सिंह, सरजीत सिंह, सलमान, हरजिंदर सिंह, इंदरप्रीत सिंह, अमरीक सिंह, गुरविंदर सिंह, रवि सैनी, जगदीश, रविंदर, राजकुमार आदि मौजूद रहे।











