डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अमर शहीद एवं टिहरी क्रांति के जननायक श्री देव सुमन के 82वें बलिदान दिवस पर शनिवार को जौलीग्रांट स्थित श्रीदेव सुमन चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अमर शहीद श्री देव सुमन के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। सामजिक कार्यकर्ता राजन गोयल ने कहा कि अमर शहीद श्री देव सुमन का जीवन और उनका बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सरकार से मांग की कि नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान से परिचित कराने के लिए उत्तराखंड के विद्यालयी पाठ्यक्रम में श्री देव सुमन पर एक अध्याय शामिल किया जाए। इस अवसर पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा नेता रविंद्र बेलवाल, विक्रम सिंह नेगी, दीवान सिंह रावत, बख्तावर सिंह, आयुष पवार आदि उपस्थित रहे।











