डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने ‘शौर्य दीवार’ (वॉल ऑफ हीरोज) पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया। वक्ताओं ने उन वीर जवानों को याद किया, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने कहा कि कारगिल के शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। इस दौरान प्रो. संगीता बहुगुणा, प्रो. नवीन कुमार नैथानी, डॉ. राम सिंह सामंत, डॉ. रीना, पूरन सिंह खाती, डॉ. डी.सी. मिश्रा, डॉ. पुष्पा नेगी, डॉ. शरद त्रिपाठी, डॉ. सुदिप्ता कंडारी, डॉ. अखिलेश कुकरेती आदि उपस्थित रहे।











