डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. हीरा सिंह बिष्ट को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार को जौलीग्रांट स्थित नगर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जनसेवा के कार्यों को याद किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि स्व हीरा सिंह बिष्ट का जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का प्रतीक था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका निधन कांग्रेस परिवार के साथ ही पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरवीर सिंह सजवाण, जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, महेंद्र भट्ट, संजीव भट्ट, आशीष बिजल्वाण, बालेंद्र सजवाण, जावेद अली आदि उपस्थित रहे।











