डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय डोईवाला के मुख्य द्वार पर भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती घोटालों एवं अन्य मुद्दों के विरोध में एक घंटे का सांकेतिक मौन व्रत रखा। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था की खामियों के कारण जान गंवाने वाले छात्रों और युवाओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय से तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया।
हेमा पुरोहित ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों ने देश के युवाओं का भविष्य अधर में लटका दिया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था नहीं मिल रही है, जिससे उनमें आक्रोश और निराशा बढ़ रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हैं। सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ है। सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है। इस दौरान जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, कांग्रेस नगर अध्यक्ष कर्तार नेगी, आरिफ अली, शार्दुल नेगी, प्रवीण सैनी आदि रहे।











