डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं वामपंथी नेता कमरुद्दीन की स्मृति में डोईवाला सहकारी गन्ना समिति के किसान भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न संगठनों से पहुंचे लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीपीएम के प्रदेश सचिव राजेंद्र पुरोहित ने कमरुद्दीन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने किसानों, मजदूरों और मेहनतकश जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक पदों पर रहते हुए जनहित के मुद्दों को लगातार आंदोलन का रूप दिया और कभी भी जनता के हितों से समझौता नहीं किया। किसान सभा के प्रदेश महामंत्री भोपाल सिंह रावत ने कहा कि कमरुद्दीन केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचार थे। उन्होंने अपने सिद्धांतों और संघर्षशील जीवन से संगठन को नई दिशा दी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर मनोज नौटियाल, इंद्रजीत सिंह, गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह, पुरुषोत्तम बडोनी, चौधरी हरेंद्र बालियान, हरभजन सिंह, बलबीर सिंह, याकूब अली, जाहिद अंजुम, धर्मानंद लाखेड़ा, परमजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











