डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरूवाण शास्त्री ने कहा कि नथनपुर कांग्रेस कमेटी के साथ मिलकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के नकरौंदा, गुलरघाटी रोड, कुंवावाला रोड, तुनवाला, रायपुर रोड और पीली कोठी-तमन क्षेत्र की सड़कें वर्षों से बदहाल स्थिति में हैं। आरोप लगाया कि पार्षद, विधायक और सांसद तीनों भाजपा से होने के बावजूद क्षेत्र में सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लाखों की आबादी वाले इन क्षेत्रों के लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। नथनपुर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने कहा कि नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकरौंदा में सीवर लाइन बिछाने के लिए बनाए गए चैंबरों से सीवर कनेक्शन होने से पहले ही पानी ओवरफ्लो हो रहा है। ऐसे में सीवर लाइन का कनेक्शन होने के बाद क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार से समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की। साथ ही क्षेत्र की बदहाल सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर तारकोल वाली सड़कें बनाने की मांग को लेकर नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी के कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी। इस मौके पर पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह बिष्ट, अरुण कुमार पाल, संतोष दीक्षित, सुभाष थापा, अपील यादव, राहुल खरोला आदि मौजूद रहे।











