डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): कोतवाली डोईवाला पुलिस ने गुमशुदा 06 वर्षीय बालिका को महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को स्थानीय निवासी एक महिला ने चौकी लालतप्पड़ में सूचना दी कि उनकी छह वर्षीय पुत्री सुबह करीब 10 बजे माजरी ग्रांट स्थित घर के पास एक दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल टीमों का गठन किया गया। टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू करने के साथ ही बच्ची के घर से जाने वाले सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में बालिका माजरी ग्रांट, लालतप्पड़ से भानियावाला की ओर जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार ट्रैक करते हुए भानियावाला स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने डोईवाला पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।











