डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गडूल स्थित सिला की चौकी में आई भीषण आपदा से सड़क मार्ग बह जाने के कारण क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया। बुधवार को क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, पेयजल, राजस्व एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा आवागमन बहाल करने के लिए शीघ्र वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के घरों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण जल्द शुरू किया जाए तथा आवश्यक राहत सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचाव के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर स्थायी एवं मजबूत पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया।











