हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। सैनिक बाहुल्य सवाड़ गांव में स्वीकृति केंद्रीय विद्यालय के लिए ग्रामीणों के द्वारा दान दी गई भूमि को केवी संगठन के नाम दर्ज करने के जिलाधिकारी चमोली के द्वारा आदेश पारित
कर दिए गए हैं।जिस पर सवाड़ गांव के साथ ही देवाल क्षेत्र की जनता ने खुशी जताई हैं।
पिछले लंबे समय से विकासखंड देवाल के अंतर्गत सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में केवी की स्थापना की मांग की जातें रही हैं,सवाड़ में केवी खोलने एवं संचालन शुरू करवाने के तहत ग्रामीणों ने करीब पांच वर्ष पूर्व करीब 20 लाख रूपयों से अधिक लागत से टिनशेड़ो, शौचालय , पेयजल आदि की व्यवस्था श्रमदान एवं विभिन्न माध्यमों से करवाया था। किंतु केवी की ना ही स्वीकृति मिली और ना ही कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी नाप भूमि भी माध्यमिक शिक्षा विभाग के नाम रजिस्ट्री कर दी ताकि शिक्षा विभाग इस भूमि को केवी संगठन के नाम हस्तांतरित कर सकें। पिछले वर्ष भारत सरकार के केवी संगठन ने सवाड़ में केवी की स्थापना की स्वीकृति प्रदान करते हुए बकायदा इस का जीओ जारी कर दिया था।तब अनुमान लगाया जा रहा था कि चालू शिक्षा सत्र से सवाड़ से केवी का संचालन शुरू हो जाएगा किंतु केवी के द्वारा तमाम आपत्तियों के साथ ही केवी के नाम भूमि दर्ज नही होने की बात करते हुए इस शिक्षा सत्र से कक्षाओं का संचालन शुरू नही किया। जिससे सवाड़ सहित देवाल ब्लाक में मायूसी छा गई थी।
———–
अमर शहीद सैनिक मेला समिति के अध्यक्ष दयाल बिष्ट, निवर्तमान अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट,सवाड़ की ग्राम प्रधान आशा धपोला ने बताया कि 20 जुलाई को उत्तराखंड सरकार के संयुक्त सचिव शिवस्वरूप त्रिपाठी ने जिलाधिकारी चमोली को भेजें एक पत्र में सवाड़ गांव में 1.803 हैक्टेयर भूमि जोकि निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तराखंड के नाम दर्ज हैं को केवी संगठन के पक्ष में हस्तांतरित करने के निर्देश थे जिस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने 4 अगस्त को केवी संगठन के नाम कुछ प्रतिबंधों के साथ भूमि हस्तांतरण करने के आदेश पारित कर दिए हैं। भूमि हस्तांतरण के आदेश जारी होने पर क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की हैं।











