डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्राचीन लच्छेश्वर महादेव मंदिर, लच्छीवाला में शांति यज्ञ एवं पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। शांति यज्ञ एवं पाठ के उपरांत दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही आपदा में प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सभी की गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत और उत्तराखंड की संवेदनाएं नेपाल के पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा और संकट की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़ा होना हमारी सनातन संस्कृति की पहचान है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने उनके शीघ्र पुनर्वास और जनजीवन सामान्य होने की कामना की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अनिता गुरूंग, ममता नयाल, मनीष क्षेत्री, सौरभ पाल, आदर्श, अजय पाल, मनमोहन नौटियाल आदि मौजूद रहे।











