डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के एक दिवसीय शिविर के तहत विश्व ओजोन दिवस एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान से हुई। कार्यशाला में रसायन विज्ञान की प्रो डॉ. चंद्रकला ने ओजोन परत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ओजोन पृथ्वी का सुरक्षा कवच है। इसके क्षरण से पर्यावरण और मानव जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवकुमार लाल ने कहा कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी की रक्षा करती है। उन्होंने ओजोन संरक्षण के साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में डॉ. गुलनाज फातिमा ने छात्र-छात्राओं को ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने एनएसएस के मूल मंत्र ‘नॉट मी बट यू’ को जीवन में अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर डॉ. पूरन सिंह खाती, डॉ. राकेश बिष्ट, डॉ. पूनम भस्माना आदि मौजूद रहे।











