डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रानीपोखरी के बड़कोट निवासी भगवान सिंह चौहान उर्फ बिट्टू को कांग्रेस सेवादल का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी। नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि रानीपोखरी क्षेत्र के भगवान सिंह चौहान को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष भगवान सिंह चौहान ने कहा कि वह संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए कांग्रेस सेवादल को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, रेखा कांडपाल, जिला अध्यक्ष सेवादल सुनील बर्मन, मनोज रावत, संजय पुंडीर, संदीप पुंडीर, महेश गुप्ता, बिशन पाल, हरीश कुमार, विजय भंडारी आदि मौजूद रहे।











