
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)।डोईवाला में स्वीकृत उपकोषागार को अब तक शुरू नहीं किए जाने से नाराज सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पेंशनर्स नारेबाजी करते हुए डोईवाला तहसील मुख्यालय पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन कर उपकोषागार शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई। इसके बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के सदस्यों ने कहा कि डोईवाला में उपकोषागार खोलने के लिए तत्कालीन वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की ओर से छह पद स्वीकृत किए गए थे। इसके बावजूद लंबे समय से स्टाफ की तैनाती नहीं होने के कारण उपकोषागार शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के पेंशनरों और सेवारत कर्मचारियों को अपने कार्यों के लिए देहरादून कोषागार के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कृषाली ने कहा कि डोईवाला में उपकोषागार खोलने के लिए संगठन लंबे समय से प्रयासरत है। छह पद स्वीकृत होने के बाद भी अब तक स्टाफ उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि उपकोषागार शुरू होने से क्षेत्र के करीब चार हजार पेंशनरों और सेवारत कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी तथा देहरादून कोषागार का दबाव भी कम होगा। इकाई अध्यक्ष धर्म सिंह कृषाली ने कहा कि उपकोषागार स्वीकृत होने के बावजूद उसे शुरू न किया जाना क्षेत्र के पेंशनरों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर जल्द कार्रवाई कर स्टाफ की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर कोषागार संबंधी सुविधाएं मिल सकें। संगठन के सचिव सोहन सिंह नेगी ने कहा कि पेंशनरों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए देहरादून जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उपकोषागार शुरू नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।











