डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पब्लिक इंटर कॉलेज में स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगर पालिका के सहयोग से छात्र-छात्राओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए। इस दौरान सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा पॉलिथीन का प्रयोग न करने का संकल्प लिया। सोमवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कपड़े के थैले बांटे गए। नगर पालिका के सतीश चंद ने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए पॉलिथीन का प्रयोग बंद कर कपड़े के थैलों का उपयोग करना चाहिए। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अश्वनी गुप्ता ने कहा कि एक से 15 सितंबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान में नगर पालिका का सहयोग सराहनीय है। इस मौके पर सुरेंद्र कुमार, नीरज कुमार, गौरव मचल, विनीत, वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, तेजवीर सिंह, राधा गुप्ता, पूजा जोशी आदि मौजूद रहे।











