डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा की ओर से सोमवार को माजरी ग्रांट में सांप्रदायिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया।
धरने के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि जनता अब जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को भ्रम की राजनीति छोड़कर देश के विकास और सामाजिक एकता पर बात करनी चाहिए। जनता अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि काम और विकास के आधार पर फैसला करती है।
अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान की भावना समानता और सामाजिक न्याय पर आधारित है। कांग्रेस को बाबा साहेब के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके विचारों और संविधान की भावना को आत्मसात करना चाहिए।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी है, इसलिए वह नए-नए मुद्दों के सहारे राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास करती है। भाजपा समाज को बांटने वाली राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
इस दौरान जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, प्रतीक कालिया, अमित कुमार, सतीश सिंह, ममता नयाल, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, गीतांजलि रावत, रश्मि देवी, सुरेंद्र सुमन, सुरेंद्र बिष्ट, सौरभ नौटियाल, मनीष क्षेत्री, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सौरभ पाल, मनोज कांबोज, देवदत्त शर्मा, ललित पंत, पंकज रावत, कविता साहा आदि मौजूद रहे।











