
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मंगलवार को जौलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ वाहिनी में प्रशिक्षणाधीन 208 नव नियुक्त आरक्षियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इन आरक्षियों का आरटीसी प्रशिक्षण बीती 27 अप्रैल से प्रारंभ हो चुका है। उप सेनानायक शान्तनु पाराशर द्वारा नव नियुक्त आरक्षियों को पुलिस सेवा से संबंधित व्यवहारिक, प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, पुलिस एक्ट, पुलिस संगठन के विभिन्न अंगों, एसडीआरएफ की कार्य प्रणाली तथा प्रशिक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, कमांड स्ट्रक्चर एवं पुलिस पदानुक्रम को समझाते हुए संगठनात्मक अनुशासन एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन पर विशेष बल दिया। उप सेनानायक ने आरक्षियों को निर्देशित किया कि सेवा काल में अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की शिथिलता, उपेक्षा अथवा विफलता न आने दें। इसके अतिरिक्त, सम्मेलन में नशा एवं धूम्रपान जैसी बुरी आदतों से दूर रहने तथा प्रतिबंधित गतिविधियों से स्वयं को अलग रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कहा कि सभी कार्मिक सोशल मीडिया गाइडलाइन का पूर्ण पालन करें, किसी भी प्रकार की संवेदनशील पोस्ट साझा न करें, भ्रामक अथवा राजनीतिक पोस्ट से दूरी बनाए रखें तथा सदैव शिष्ट एवं मर्यादित भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने समस्त प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण लाभ उठाते हुए स्वयं को एक अनुशासित, दक्ष एवं जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में विकसित करें। इस मौके पर सूबेदार (सैन्य सहायक) जयपाल राणा, अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान आदि उपस्थित रहा।











