डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में आए बदलाव के बाद तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति भी देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार रात मौसम ने अचानक करवट बदलने के बाद से तापमान में लगातार कमी आ रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कुल 19.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
गौरतलब है कि गत रविवार (24 मई) को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि इस रविवार (31 मई) को यह घटकर 26.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। इस प्रकार पिछले सात दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 14 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया था, जो रविवार को घटकर 26.8 डिग्री रह गया। यानी मात्र 24 घंटे के भीतर तापमान में 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
आपको बता दें कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री तथा न्यूनतम 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया था।











