डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विधानसभा क्षेत्र के विस्थापित अठूरवाला में पुरानी टिहरी की याद में प्रस्तावित घंटाघर के निर्माण को सरकार से वित्तीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों ने डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला के आवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया और आभार जताया। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि वित्तीय स्वीकृति मिलने से घंटाघर निर्माण के कार्य को गति मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि अठूरवाला टिहरी बांध परियोजना से विस्थापित परिवारों की भावनाओं और पुरानी टिहरी की यादों से गहराई से जुड़ा क्षेत्र है। ऐसे में प्रस्तावित घंटाघर आने वाली पीढ़ियों के लिए पुरानी टिहरी की संस्कृति, विरासत और स्मृतियों का महत्वपूर्ण प्रतीक बनेगा। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह घंटाघर केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि पुरानी टिहरी की स्मृतियों और विस्थापित समाज की भावनाओं को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक स्मारक साबित होगा। वक्ताओं ने कहा कि घंटाघर निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान किया जाना क्षेत्र के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, संजय चमोली, रविंद्र बेलवाल, प्रेम सिंह, सभासद सुरेश सैनी, सुंदर लोधी, वीरेंद्र सिंह नेगी, पुष्कर सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।











